अमेरिका टूर डायरी – 2

4 Min Read

फोर्ड्स थिएटर : जहां अब्राहम लिंकन एक सिरफिरे की गोलियों का शिकार हुए

फोर्ड्स थिएटर, वॉशिंगटन,डीसी(यूएसए) में स्थित एक ऐतिहासिक स्मारक है। मूल इमारत को सन् 1861 में थिएटर का स्वरूप दिया गया था,जो शीघ्र ही नाटकों एवं अन्य मंचीय कलाओं के प्रदर्शन के प्रमुख केन्द्र के रूप में प्रतिष्ठित हो गया।
इसी थियेटर की दर्शक दीर्घा में स्थित ‘स्टेट बॉक्स’ (जिसे ‘प्रेसिडेंट्स बॉक्स’ भी कहा जाता है) में एक नाटक देखते समय अमेरिका के 16 वें राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन की 14 अप्रैल 1865 को हत्या कर दी गई थी।

फोर्ड्स थिएटर अब एक ऐसे महत्वपूर्ण स्मारक के रूप में संरक्षित है,जहां अमेरिकी गृह युद्ध,दास प्रथा की समाप्ति और अब्राहम लिंकन के जीवन से संबंधित ऐतिहासिक तथ्यों को प्रदर्शित किया गया है। लिंकन की हत्या की साज़िश से संबंधित तथ्य एवं अन्य वस्तुएं भी यहां प्रदर्शित की गई हैं।

फोर्ड्स थिएटर में अभी भी मंचीय कलाओं का प्रदर्शन होता है। केवल उसी प्रेसिडेंट्स बॉक्स को संरक्षित किया गया है,जहां अब्राहिम लिंकन को गोली लगी थी।
गोली लगने के बाद लिंकन को थिएटर के ठीक सामने स्थित एक इमारत में ले जाया गया था।वहीं पर उनको प्राथमिक चिकित्सा दी गई। जिस पलंग पर उन्होंने अंतिम सांसें लीं,वह भी यहां प्रदर्शित किया गया है।

लिंकन का जीवन शून्य से शिखर तक की यात्रा का बेहतरीन उदाहरण है। उनका जीवन यह भी प्रदर्शित करता है कि कठिन संघर्ष और कड़ी मेहनत के बल पर बड़ी से बड़ी विपत्तियों से पार पाया जा सकता है। उनका जन्म एक गरीब परिवार में हुआ था। अभावों के चलते वह औपचारिक शिक्षा-दीक्षा भी प्राप्त नहीं कर सके थे,लेकिन उनका व्यवहारिक ज्ञान इतना उच्चस्तरीय था कि उन्हें अमेरिका के महानतम राष्ट्रपती में के रूप में याद किया जाता है।

लिंकन 1861 से 1865 तक संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति रहे। जिस समय लिंकन अमेरिका के राष्ट्रपति थे,देश गृह युद्ध की आग में झुलस रहा था। उन्होंने न केवल अमेरिका को गृह युद्ध से उबारा,बल्कि दास प्रथा जैसी कुरीति को समाप्त करने में भी निर्णायक भूमिका निभाई।
लिंकन 1863 में ही ‘मुक्ति उद्घोषणा’ कर चुके थे, लेकिन अमेरिकी संविधान के 13 वें संशोधन के माध्यम से वर्ष 1865 में दास प्रथा का औपचारिक रूप से उन्मूलन कर दिया गया।
लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अडिग आस्था,गृह युद्ध का समापन और दास प्रथा का अंत जैसे युगांतरकारी कार्यों के लिए लिंकन सिर्फ अमेरिका के इतिहास में नहीं अपितु विश्व इतिहास में भी महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं।

उनके द्वारा दी गई लोकतंत्र की परिभाषा – “जनता की,जनता के द्वारा,जनता के लिए बनाई गई शासन व्यवस्था”, समूचे विश्व में लोकतांत्रिक शासन पद्धति के लिए बीज मंत्र के रूप में समादृत है।

लिंकन अमेरिका की उन महान हस्तियों में शुमार हैं, जिन्होंने अमेरिका को गढ़ा है। उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर गौरवान्वित होना प्रत्येक अमेरिकी नागरिक के लिए स्वाभाविक है।

वाशिंगटन में लिंकन मेमोरियल में स्थापित उनकी विशाल मूर्ति और फोर्ड्स थिएटर मुख्य रूप से लिंकन की विरासत को प्रदर्शित करने वाले स्मारक हैं। फोर्ड्स थिएटर में स्थित संग्रहालय में एक-एक वस्तु व्यवस्थित तरीके से प्रदर्शित की गई है। आडियो-विजुअल की व्यवस्था चीजों को समझने में मदद करती है।

जब आप इस संग्रहालय का भ्रमण कर बाहर निकलते हैं तो एक बात आपके मन मस्तिष्क में उमड़-घुमड़ रही होती है – समानता और समरसता की पैरोकारी करने वाले महापुरुषों की नियति,सीने में गोली खाना ही क्यों है?

*अरविन्द श्रीधर

इस पोस्ट को साझा करें:

WhatsApp
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *