अपने आंचल में समृद्ध सांस्कृतिक विविधता और अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य सहेजे मियामी,’जादुई शहर'(Magic City) के नाम से भी जाना जाता है। सचमुच जादुई शहर है मियामी,जो यहां की धरती पर कदम रखते ही पर्यटकों को अपने सम्मोहन में बांध लेता है।
आईए, मियामी के कुछ और पर्यटन स्थलों की सैर करते हैं –
मिलयेनियर रो क्रूज

बिस्केन बे के आसपास धनी मानी लोगों के आलीशान आरामगाह बने हुए हैं। यह इलाका ‘मिलियेनियर्स रो’ के नाम से जाना जाता है। जाहिर है,यह विश्व की सबसे महंगी प्रॉपर्टी वाला इलाका है। सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों पर यहां के फोटोग्राफ अक्सर देखने में आते हैं।
समंदर का नीला पानी, किनारों पर ऊंचे ऊंचे पाम के वृक्ष और उनके बीच में अपने वैभव को प्रदर्शित करते हुए शानदार बंगले,इस इलाके के नामकरण को सार्थक करते हैं।

मियामी बीच,बंदरगाह,खूबसूरत प्राकृतिक नज़ारे और मिलयेनियर रो की भव्यता से रुबरु होने के लिए क्रूज सेवा उपलब्ध है। क्रूज की डेक पर सवार होकर लगभग डेढ़-दो घंटों में आराम से इस खूबसूरत जगह की सैर की जा सकती है।
क्रूज पर मौजूद गाइड रोचक अंदाज में जानकारियां देता रहता है।
बड़े-बड़े बिजनेसमैन,कंपनियों के सीईओ सहित दुनिया के अनेक धनी-मानी लोगों के बंगले मिलयेनियर रो पर बने हुए हैं। डेविड बैकहम और शकीरा जैसे अंतररार्ष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सेलिब्रिटीज के बंगले भी यहां मौजूद हैं,जिनके बारे में गाइड विशेष रूप से जानकारी देता है।
कुल मिलाकर डेढ़-दो घंटे का यह टूर भौतिक जगत की उस चमक-दमक के दर्शन कराता है, जिसके लिए अमेरिकी समाज जाना जाता है, और एक सामान्य व्यक्ति जिसे प्रायः ख्वाबों में ही देखा करता है।
विज़काया संग्रहालय और उद्यान

विजकाया म्यूजियम यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है। कभी अमेरिका के प्रमुख परिवार का आवास रहा यह विशाल महलनुमा भवन अब ऐतिहासिक कलाकृतियों का संग्रहालय है। समुद्र तट पर स्थित इस भव्य भवन के तीन ओर सुंदर बगीचे हैं, जिनमें दुर्लभ पौधों को संरक्षित किया गया है।
विजकाया संग्रहालय जहां एक ओर तत्कालीन दैनिक जीवन में उपयोग आने वाली वस्तुओं और जीवन शैली से परिचित कराता है,वहीं दूसरी ओर ऐतिहासिक कलाकृतियों के माध्यम से तत्कालीन कला जगत के सृजनात्मक रुझान को भी पर्यटकों के समक्ष रखता है।
खूबसूरत समुद्री किनारा,आकर्षक स्थापत्य और नयनाभिराम बाग-बगीचों के चलते यह स्थान फोटोशूट के लिए एकदम आदर्श पर्यटन स्थल है।

फ्रास्ट विज्ञान संग्रहालय

तारामंडल,एक्वेरियम और 3D फिल्मों के लिए मशहूर फ्रास्ट म्यूजियम मियामी का एक प्रमुख दर्शनीय स्थल है। यह म्यूजियम विज्ञान,कला और प्रकृति के समन्वय का अद्भुत उदाहरण है।
संग्रहालय में स्थित एक्वेरियम समुद्री जीवन को रोचक ढंग से प्रदर्शित करता है। तरह-तरह की मछलियों और अन्य समुद्री जीव जंतुओं का आपके एकदम नज़दीक से गुजरना रोमांचित करता है।
अलग-अलग प्रकार के कोरल रीफ,जिसे सामान्यतः मूंगा चट्टान कहा जाता है; वह भी यहां देखने को मिलते हैं।

संग्रहालय का तारामंडल लगभग आधे घंटे की फिल्म के माध्यम से ग्रह नक्षत्रों और खगोल विज्ञान की रहस्यमयी दुनिया से परिचित कराता है। इस दौरान तारामंडल का विशाल गुंबद पर्दे का काम करता है,और दर्शकों को ऐसा आभास होता है जैसे चांद,तारे और सूरज उसके आसपास ही मौजूद हों।
म्यूजियम का सबसे आकर्षक भाग है,लिओनार्दो दा विंची को समर्पित दीर्घा। विंची सामान्यतः एक चित्रकार के रूप में जाने जाते हैं,जिनकी कूची ने ‘मोनालिसा’ जैसी कालजयी पेंटिंग रची। लेकिन फ्रास्ट संग्रहालय उनकी प्रतिभा के समस्त आयामों से परिचित कराता है।
संग्रहालय विज्ञान और कला के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए विभिन्न शोधकार्यों को सिलसिलेबार तरीके से सामने रखता है। उनके द्वारा बनाई गई अनेक मशीनों की प्रतिकृतियां भी यहां रखी हुई हैं।

यह सब देखकर सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है कि विंची बहुमुखी प्रतिभा संपन्न ऐसी शख्सियत के मालिक थे जिन्होंने कला को विज्ञान और विज्ञान को कला की दृष्टि से देखा।
समुद्री जीवन और विशालकाय डायनासोर पर केंद्रित 3D फिल्में भी पर्यटकों को आकर्षित करती हैं।

*अरविन्द श्रीधर

