लाइब्रेरी ऑफ़ कांग्रेस : अनुसंधान केंद्र के साथ-साथ संग्रहालय और सांस्कृतिक केंद्र भी है

वॉशिंगटन डीसी में स्थित लाइब्रेरी ऑफ़ कांग्रेस दुनिया के सबसे बड़े पुस्तकालयों में से एक है। आज से 225 वर्ष पूर्व सन् 1800 में इस पुस्तकालय की स्थापना हुई थी। बाद के बरसो में इसका स्वरुप धीरे-धीरे विस्तृत होता गया।
संयुक्त राज्य अमेरिका कांग्रेस के लिए रिसर्च सेंटर के रूप में कार्यरत यह पुस्तकालय तीन विशाल भवनों में संचालित है- थॉमस जेफरसन भवन, जॉन एडम्स भवन और जेम्स मेडिसन स्मारक भवन।
पुस्तकालय और अनुसंधान केंद्र होने के साथ-साथ यह एक संग्रहालय और सांस्कृतिक केंद्र भी है, जिसमें किताबें,ऐतिहासिक रिकॉर्डिंग, पांडुलिपियां,नक्शे,तस्वीरें,फिल्मों सहित ऐतिहासिक महत्व की 173 मिलियन (लगभग 18 करोड़) से अधिक वस्तुएं एवं संदर्भ सामग्री संग्रहित हैं,जो लगभग 470 भाषाओं में है।

संयुक्त राज्य अमेरिका का कॉपीराइट कार्यालय भी यहीं से संचालित होता है। लाइब्रेरी का एक भाग अनुसंधानकर्ताओं के लिए सुरक्षित है।
थॉमस जेफरसन भवन वास्तु की दृष्टि से एक भव्य इमारत है। विशाल स्तंभ और मेहराबदार छत भवन को भव्यता प्रदान करते हैं। मेहराबदार छतों पर आकर्षक चित्रकारी भवन की कलात्मकता को पूर्णता प्रदान करती है। चित्रकारी के बीच-बीच में विश्व के महत्वपूर्ण स्थानों, सभ्यताओं और स्मारकों के नाम अंकित किए गए हैं,जो इसे वैश्विक स्वरूप देते हैं।
एक चित्रित मेहराब पर ‘ताजमहल’ भी अंकित है।

इन दिनों लाइब्रेरी में मुख्यतः यह चार प्रदर्शनी दर्शकों के अवलोकनार्थ उपलब्ध हैं।
1- ‘लाइब्रेरी ऑफ़ कांग्रेस के खजाने से चुनिंदा रत्न’
यह प्रदर्शनी सबसे अधिक विविधता लिए हुए है। विज्ञान,कला, इतिहास, भूगोल, धर्म जैसे लगभग समस्त विषयों से संबंधित विपुल सामग्री यहां प्रदर्शित हैं।
बुद्ध की कहानियों और शिक्षाओं को प्रदर्शित करती तिब्बत की पेंटिंग,अमेरिकी परमाणु बम परीक्षण के दौरान 6 मील दूर से लिए गए फोटोग्राफ,पहली बार समुद्र के भूगोल को समझने के व्यापक प्रयासों से संबंधित जानकारी,नासा के मिशन के साथ 1977 में अंतरिक्ष के संभावित निवासियों के लिए पृथ्वी वासियों की ओर से 55 भाषाओं से में भेजे गए संदेशों की ऑडियो रिकॉर्डिंग, गुटेनबर्ग बाइबल जो किसी यूरोपीय देश में पहली बार मूवेबल मेटल टाइप में मुद्रित हुई,जैसी ऐतिहासिक और शैक्षणिक दृष्टि से अनेक महत्वपूर्ण वस्तुएं यहां प्रदर्शित की गई हैं।
मुगल बादशाह शाहजहां पर केंद्रित बहुचर्चित ग्रंथ ‘पादशाहनामा’ भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है।

2- ‘द टू ज़ार्जेश’
अमेरिका के राष्ट्रपति जॉर्ज वाशिंगटन एवं ब्रिटेन के किंग जॉर्ज तृतीय पर एकाग्र इस प्रदर्शनी में दोनों के व्यक्तित्व एवं कृतित्व से संबंधित विपुल सामग्री एवं ऐतिहासिक साक्ष्य इस दीर्घा में प्रदर्शित किए गए हैं।
3- ‘थॉमस जैफरसन पुस्तकालय’
एक अत्यंत समृद्ध पुस्तकालय जिसमें विज्ञान,कला, इतिहास एवं दर्शनशास्त्र से संबंधित पुस्तकों की विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध है।
4- ‘द लिगेसी आफ जॉर्ज एंड आइरा गर्सविन’
यह प्रदर्शनी मुख्यतः जॉर्ज एंड आइरा गर्सविन की यादों को समर्पित है,जो अमेरिकी कला जगत में एक महत्वपूर्ण संगीतकार के रूप में प्रतिष्ठित हैं।
5- ‘हर्बर्ट एल ब्लॉक (हर्बलॉक) गैलरी’
इस गैलरी में तत्कालीन समसामयिक विषयों पर बनाए गए कार्टून प्रदर्शित हैं।
इसके अलावा समय-समय पर विषय विशेष केंद्रित प्रदर्शनी भी आयोजित की जाती हैं।कुछ प्रदर्शनी और दीर्घाएं दर्शकों के लिए केवल ऑनलाइन उपलब्ध हैं।


लाइब्रेरी ऑफ कांग्रेस मुख्यतः अमेरिकी संसद को अनुसंधान सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्थापित की गई थी, इसीलिए यू एस कैपिटल भवन (जहां अमेरिकी सीनेट और प्रतिनिधि सभा की बैठकें होती हैं) से लाइब्रेरी का भवन एक सुरंग की माध्यम से सीधा जुड़ा हुआ है।

लाइब्रेरी ऑफ कांग्रेस की संरचना का विचार केवल अमेरिका तक सीमित नहीं है,अपितु समूचे विश्व की प्रमुख वैचारिक धाराओं-उपधाराओं को सहेजने का प्रयास भी है। यह इस बात का प्रतीक भी है कि किसी भी देश के निर्माण के लिए वैश्विक विचारों, ऐतिहासिक घटनाओं और संस्कृतियों की व्यापक समझ रखना कितना जरुरी है।

*अरविन्द श्रीधर



ज्ञानवर्धक जानकारी