अमेरिका टूर डायरी – 12 : अमेरिका का प्रवेश द्वार मियामी

6 Min Read

अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य के शहर मियामी की प्रसिद्धि उसकी ग्लैमरस लाइफस्टाइल को लेकर है,जबकि उसकी प्राकृतिक सुंदरता कहीं अधिक प्रसिद्धि की हकदार है।
उष्णकटिबंधीय समुद्री तट,सदाबहार उद्यान और क्यूबाई-अमेरिकी संस्कृति का यह खूबसूरत
शहर अमेरिका का प्रवेश द्वार (Gateway of America) कहा जाता है।

मियामी कला,संस्कृति,फैशन,मनोरंजन और मीडिया का अंतरराष्ट्रीय केंद्र है। अनेक अंतरराष्ट्रीय बैंकों की उपस्थिति के चलते यह शहर व्यवसाय, वाणिज्य एवं वित्तीय गतिविधियों का प्रमुख केंद्र भी है।
मियामी बंदरगाह यात्री जहाज एवं क्रूज लाइंस दोनों के लिए मुफीद है,और दुनिया के सबसे व्यस्त बंदरगाहों में इसकी गणना होती है।

वैसे तो मियामी घूमने के लिए मार्च से मई का समय उपयुक्त माना जाता है लेकिन दिसंबर,जनवरी में भी यहां वैसी ठंड नहीं पड़ती,जैसी न्यूयॉर्क या वॉशिंगटन डीसी में पड़ती है। इसी को ध्यान में रखते हुए हमने दिसंबर के आखिरी सप्ताह में मियामी की सैर करने का निश्चय किया।

ऐसा कहा जाता है कि आप मियामी जाएं और साउथ बीच पर नहीं भटकें तो आपकी यात्रा अधूरी ही मानी जाएगी। हम ऐसा नहीं चाहते थे,इसलिए साउथ बीच के एकदम नज़दीक ओसियन ड्राइव के एक होटल को हमने अपना ठिकाना बनाया।

ओसियन ड्राइव,साउथ बीच के समानांतर एक ऐसी सड़क है जो पर्यटकों से रात-दिन गुलजार रहती है। और कुछ नहीं तो आप इस सड़क पर घूमते हुए कई घंटे बिता सकते हैं। यहां आपको दुनिया भर के चेहरे देखने को मिलेंगे,जो इस पर्यटन स्थल की विश्वव्यापी लोकप्रियता का परिचायक है। होटलों और रेस्टोरेंट की विस्तृत श्रृंखला आपके भ्रमण को आनंददायक और सुस्वादु बनाए रखती है।

समंदर का नीला पानी और दूर-दूर तक फैली सफेद रेत साउथ बीच को अद्भुत नैसर्गिक सौंदर्य और आकर्षण प्रदान करती है।

जो पर्यटक समंदर के नीले पानी में अठखेलियां करना चाहते हैं, अथवा साफ-सुथरी समुद्री रेत पर धूप स्नान करना चाहते हैं उनके लिए तो साउथ बीच एक आदर्श स्थल है। साउथ बीच उन पर्यटकों को भी लुभाता है जो मुलायम रेत पर घंटों नंगे पैर चहलकदमी करना चाहते हैं। एक बड़ा वर्ग बीच वालीबॉल खेल को पसंद करने वालों का भी है, जिनके लिए बीच के एक हिस्से पर दर्जनों नेट बंधे हुए हैं।

शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति होगा जो रेत पर चहलकदमी करते हुए प्रकृति के इस अद्भुत नजारे को सृजित करने के लिए नियंता के प्रति धन्यवाद भाव से ना भर जाता हो।

साउथ बीच पर टहलते हुए एक सुखद आश्चर्य यह भी होता है कि हजारों पर्यटकों की मौजूदगी के बाद भी साढ़े चार-पांच किलोमीटर लंबा यह बीच एकदम साफ सुथरा दिखाई देता है। इसके लिए चाक-चौबंद सफाई व्यवस्था और पर्यटकों का जिम्मेदाराना आचरण,दोनों को श्रेय दिया जा सकता है; वरना मियामी बीच तो पार्टियों और मौज मस्ती के लिए ही पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है।

विनवुड वाल्स

विनवुड क्षेत्र में स्थित इमारतों की दीवारें विशाल और आकर्षक भित्तिचित्रों की वजह से पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र हैं। ‘बिनवुड वाल्स’ के नाम से प्रसिद्ध यह इलाका दरअसल एक मुक्ताकाशी संग्रहालय जैसा है,जो स्थानीय लोगों के कला प्रेम और अपने संस्थापक की कल्पनाशीलता को प्रकट करता है।

यदि आप आधुनिक चित्रकला के प्रशंसक नहीं भी हैं, तो भी दीवारों पर उकेरे गए इन भित्तिचित्रों को देखते हुए आप उनकी प्रशंसा किए बिना नहीं रह सकते। कलात्मक भित्ति चित्रों का विशाल आकार,रंग संयोजन और अद्भुत कल्पनाशीलता का अनूठी दृश्यावली आपको प्रशंसा करने के लिए विवश कर ही देगी।

‘हॉप ऑन-हॉप ऑफ टूर’

मियामी घूमने का सबसे अच्छा साधन है ‘हॉप ऑन- हॉप ऑफ टूर’ जो बिग बस कंपनी द्वारा कराया जाता है। यह बस सेवा डबल डेकर बस के माध्यम से शहर के हर पर्यटन स्थल को जोड़ती है। इस सेवा की बसों की बनावट भी विशिष्ट है। बस का प्रथम तल तो सामान्य बसों जैसा है लेकिन ऊपरी तल खुला हुआ होता है।

ऊपरी खुले भाग में बैठकर मियामी के रमणीक प्राकृतिक सौंदर्य का अवलोकन करना ऐसा लगता है,जैसे मुक्ताकाशी रंगशाला में बैठकर किसी सचल कलादीर्घा का अवलोकन कर रहे हों।
बस में प्रवेश करते समय ही हेडफोन उपलब्ध करा दिया जाता है जो एक तरह से गाइड का काम करता है। इसके माध्यम से वह सारी जानकारी पर्यटकों को सुलभ हो जाती है,जिसके लिए अन्यथा अतिरिक्त प्रयास करना पड़ता।

बिग बस की सवारी पर्यटकों की जेब पर भी भारी नहीं पड़ती। एक बार टिकट क्रय कर आप अगले 24 घंटे तक इस सेवा का लाभ उठा सकते हैं। बसें एक-एक घंटे के अंतराल से निरंतर चलती रहती हैं और पर्यटक अपनी सुविधानुसार किसी भी स्थान से चढ़-उतर सकते है।

बस की ऊपरी मंजिल पर बैठकर हमने शहर का एक चक्कर तो केवल इस कोतूहल में ही लगाया कि पूरे शहर की परिक्रमा करने में कितना समय लगता है! यह परिक्रमा अगले दो-तीन दिनों तक हमारे बहुत कम आई। दरअसल इसी परिक्रमा के दौरान हमने अपनी प्राथमिकता वाले पर्यटन स्थलों को चिन्हित किया, फलस्वरुप कम समय में मियामी के लगभग सभी महत्वपूर्ण स्थानों का हम भ्रमण कर सके।

*अरविन्द श्रीधर

इस पोस्ट को साझा करें:

WhatsApp
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *