नरसिंहपुर जिले के ग्राम बोहानी में शहीद आशीष शर्मा की स्मृति को चिरस्थाई बनाने के लिए, पार्क एवं स्टेडियम का निर्माण होगा। आशीष शर्मा नक्सलियों से मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए थे।
मध्य प्रदेश के पंचायत,ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद पटेल ने निर्माण कार्यों का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित जन समुदाय को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा-
बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाता। किसी व्यक्ति में देश और समाज के लिए सर्वोच्च त्याग करने का सामर्थ्य उसके संस्कारों, पुण्यों और पूर्वजों की परंपरा से निर्मित होता है। शहीदों की अमरता को कोई मिटा नहीं सकता। उनका बलिदान राष्ट्र की चेतना में सदैव जीवित रहता है। इसलिए यह हम सभी का दायित्व है कि उनकी स्मृतियों को संजोकर रखें और आने वाली पीढ़ी को उनके त्याग, साहस एवं देशभक्ति से परिचित कराएं।

मंत्री श्री पटेल ने कहा कि देश की स्वतंत्रता से लेकर उसकी एकता, अखंडता और सुरक्षा की रक्षा तक, प्रत्येक चुनौती का सामना वीर बलिदानियों के साहस और समर्पण के बल पर किया गया है। देश ने स्वतंत्रता और सुरक्षा की कीमत वीर सपूतों के बलिदान से चुकायी है। शहीद आशीष शर्मा जैसे जवानों का अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि जब हम शहीदों को याद करते हैं और उनके नाम पर रचनात्मक गतिविधियां आयोजित करते हैं, तो इससे नई पीढ़ी में भी राष्ट्रसेवा और देश की रक्षा के प्रति समर्पण का भाव मजबूत होता है।

मंत्री श्री पटेल ने कहा कि शहीद आशीष शर्मा की स्मृति में निर्मित होने वाला पार्क एवं स्टेडियम केवल विकास कार्य नहीं, बल्कि उनके बलिदान और गौरव को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का माध्यम होगा। इसके निर्माण और रखरखाव की जिम्मेदारी हम सभी को मिलकर निभानी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि 19 नवंबर को बोहानी ग्राम पंचायत का गौरव दिवस शहीद आशीष शर्मा के नाम पर मनाया जाए। उन्होंने बताया कि मणिनागेन्द्र सिंह फाउंडेशन की ओर से शहीद आशीष शर्मा की प्रतिमा का निर्माण कराया जाएगा तथा आगामी 19 नवंबर 2027 को प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

मंत्री श्री पटेल ने दानवीर चौधरी राघव जी द्वारा दिए गए दान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस धरोहर का संरक्षण और उचित रखरखाव भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से शहीद आशीष शर्मा के जन्मदिवस को प्रेरणादायी आयोजन के रूप में मनाने और उनकी स्मृति में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सहयोग क्रीड़ा मंडल की बैठक में इस संबंध में चर्चा की जाएगी, ताकि आगामी खेल आयोजनों में शहीद श्री आशीष शर्मा की स्मृति को विशेष स्थान दिया जा सके। उन्होंने युवाओं से रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से शहीदों के आदर्शों को आगे बढ़ाने की अपील की और शहीद आशीष शर्मा को नमन किया।
विधायक श्री विश्वनाथ सिंह पटेल ने कहा कि शहीद आशीष शर्मा ऐसे वीर सपूत हैं, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके त्याग से ग्राम बोहानी और पूरे जिले का नाम गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने कहा कि पूर्व में की गई घोषणा के अनुरूप आज पार्क एवं स्टेडियम निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया है। आगामी वर्ष में इन कार्यों का लोकार्पण भी किया जाएगा।

वरिष्ठ पत्रकार पद्मश्री डॉ.विजयदत्त श्रीधर ने बोहानी ग्रामवासियों की ओर से शहीद आशीष शर्मा के बलिदान को चिरस्थायी स्मृति का सम्मान प्रदान करने के लिए मध्यप्रदेश शासन और श्री प्रहलाद पटेल का आभार माना। ‘एक भारतीय आत्मा’ माखनलाल चतुर्वेदी के प्रयाण गीत ‘पुष्प की अभिलाषा’ का स्मरण करते हुए आपने कहा कि बोहानी के शहीद आशीष शर्मा ने उन्हीं के बताए मार्ग को चुना। आपने प्रतिवर्ष 19 नवंबर को शहीद मेला आयोजित करने का सुझाव रखते हुए ग्रामवासियों से अनुरोध किया कि इसमें बोहानी गाँव के हर घर की भागीदारी रहना चाहिए। यह आयोजन सरकार का नहीं, समाज का आयोजन हो, तभी उसकी सार्थकता है।

बालाघाट से आए पुलिस अधिकारियों ने मंत्री श्री पटेल सहित अन्य अतिथियों को नक्सल मुक्त स्मृति चिह्न भेंट किए। अतिथियों ने पौधरोपण कर शहीद की स्मृति को नमन किया।
इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल, पूर्व विधायक श्री भैयाराम पटेल, श्री रामसनेही पाठक, महंत श्री प्रीतमपुरी गोस्वामी, सरपंच श्रीमती किरण शर्मा, शहीद आशीष शर्मा के पिता श्री देवेन्द्र शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।


