भारत भवन में ‘कविता-कथा’ : दो दिनों तक चला भाषाओं, बिंबों और विचारों का रचनात्मक संवाद
भोपाल की सांस्कृतिक स्मृति में बड़ी झील का पानी और भारत भवन की सीढ़ियाँ एक-दूसरे के पूरक हैं। एक ओर जल का विस्तार है, दूसरी ओर कला का संसार। झील की लहरों में समय की अनेक छवियाँ तैरती हैं और भारत भवन के प्रांगण में कला की अनेक विधाएँ अपनी-अपनी अभिव्यक्ति पाती हैं। इस शहर की साहित्यिक पहचान में भारत भवन का होना महज एक स्थापत्य की उपस्थिति नहीं, एक सांस्कृतिक चेतना का होना है। यहाँ कला अपने एकांत से निकलकर समाज से संवाद करती है और रचनात्मकता को नए संदर्भ मिलते हैं।
इसी सांस्कृतिक परिवेश में 22-23 नवंबर 2026 को आयोजित ‘कविता-कथा’ ने साहित्यिक गतिविधियों को एक नई दिशा देने का प्रयास किया। ‘रचना-पाठ और विमर्श का समारोह’ अपनी अवधारणा में विशेष था। देश के विभिन्न भाषाई क्षेत्रों से आए कवियों और कथाकारों का एक मंच पर एकत्र होना, रचनाओं के पाठ के साथ उनके अंतर्संबंधों पर विचार करना और कविता-कथा की पारस्परिकता को विमर्श का विषय बनाना; इसकी मूल संरचना में एक व्यापक साहित्यिक दृष्टि दिखाई देती है।
इस आयोजन में मुझे भी अपनी कविताओं के पाठ का अवसर मिला। एक कवि के रूप में इस सहभागिता का अपना आनंद था। साथ ही, विभिन्न भाषाओं के रचनाकारों को सुनने और साहित्य की बदलती संवेदनाओं को निकट से समझने का अवसर भी मिला।
वाणी-वंदना से बहुभाषिक रचना-पाठ तक
22 नवंबर की संध्या शुभारंभ सत्र से आरंभ हुई। संगीता गोस्वामी और उनके सहयोगी कलाकारों की वाणी-वंदना ने वातावरण को सांगीतिक गरिमा प्रदान की। भारतीय साहित्यिक परंपरा में किसी रचनात्मक आयोजन का आरंभ वाणी की आराधना से होना एक अर्थपूर्ण सांस्कृतिक विधान है। स्वर और शब्द के इस सुंदर संगम के बाद रचना-पाठ का क्रम शुरू हुआ।
ओड़िया की यशोधारा मिश्र, मराठी की कल्पना दुधाल, उर्दू की नुसरत मेहंदी, हिंदी की सुमन सिंह और अन्ना माधुरी तिर्की, सिंधी की द्रौपदी चांदनानी तथा हिंदी की वैशाली थापा ने अपनी रचनाओं का पाठ किया। अलग-अलग भाषाओं में रची गई कविताओं और कहानियों की इस शृंखला में भारतीय समाज के विविध अनुभव उपस्थित थे। हर भाषा अपने साथ अपनी सांस्कृतिक स्मृतियाँ, लोकजीवन, सामाजिक संदर्भ और अभिव्यक्ति की विशिष्ट लय लेकर आई थी।
इस रचना-पाठ की विशेषता भाषाई विविधता के साथ संवेदना की एकसूत्रता थी। भाषा बदलती है तो अभिव्यक्ति का ढंग बदलता है, जीवन को देखने के मुहावरे बदलते हैं; लेकिन प्रेम, पीड़ा, प्रतीक्षा, संघर्ष और स्मृति के अनुभव मनुष्य को एक-दूसरे के निकट लाते हैं। अनुवाद और भाषाई आदान-प्रदान की व्यापक संभावनाएँ भी ऐसे आयोजनों से निर्मित होती हैं। एक भाषा में रची गई अनुभूति दूसरी भाषा के श्रोता तक पहुँचकर नए अर्थ ग्रहण करती है।
कविता और कथा की परस्परता : विधाओं के पार का विचार
23 नवंबर की सुबह पहला वैचारिक सत्र ‘कविता और कथा की परस्परता’ विषय पर आयोजित हुआ। गोविंद मिश्र की अध्यक्षता में इंदुशेखर तत्पुरुष, संगीता गुप्ता और अनुराग तिवारी ने अपने विचार रखे। विषय की केंद्रीय जिज्ञासा साहित्य की दो प्रमुख विधाओं के आपसी संबंधों को समझना था। कविता और कथा की अपनी संरचना, शिल्प और अभिव्यक्ति-पद्धति है। किसी कहानी का एक दृश्य कविता की तरह स्मृति में ठहर सकता है और किसी कविता की कुछ पंक्तियाँ एक पूरी कथा का संकेत दे सकती हैं। कथा में कविता की संवेदना और कविता में कथा का बीज उपस्थित रहता है। साहित्य की विधाओं को केवल उनके शिल्पगत भेदों से समझना पर्याप्त नहीं; उनके भीतर प्रवाहित जीवनानुभव और रचनात्मक अंतर्धारा को पहचानना भी आवश्यक है।
दूसरे वैचारिक सत्र में इसी विषय पर चर्चा आगे बढ़ी। सत्र की अध्यक्षता संतोष चौबे ने की। विकास देव, राग तैलंग, प्रदीप जिलवाने और विशाखा राजुरकर ने अपने विचार रखे। दोनों सत्रों का साझा विषय होने के कारण विमर्श को अलग-अलग दृष्टियों से देखने का अवसर मिला। किसी साहित्यिक विषय पर अनेक रचनाकारों के विचार सुनना उसकी अवधारणा को व्यापक बनाता है। ऐसे संवाद रचना की प्रक्रिया, पाठ की भूमिका और विधाओं की सीमाओं से आगे बढ़ती रचनात्मक संभावनाओं पर विचार करने की जमीन तैयार करते हैं।
भाषाओं के पार बहती संवेदना
23 नवंबर की शाम अंतिम रचना-पाठ सत्र आयोजित हुआ। ओड़िया की प्रवासिनी महाकुड़, हिंदी के ब्रज श्रीवास्तव, गुजराती के सुरेश मकवाना, हिंदी की रक्षा दुबे चौबे, मनोज वैद्य और मुझे अपनी कविताएँ प्रस्तुत करने का अवसर मिला। इस सत्र में भाषाओं की विविधता के साथ साहित्यिक परंपराओं का बहुरंग भी दिखाई दिया। ओड़िया, गुजराती और हिंदी की रचनात्मक उपस्थिति ने भारतीय भाषाओं के परस्पर संबंधों को एक जीवंत संदर्भ दिया।
मेरे लिए यह सत्र विशेष रूप से स्मरणीय रहा। कविता लिखने की प्रक्रिया प्रायः एकांत में घटित होती है। कोई अनुभव भीतर उतरता है, कोई स्मृति देर तक साथ चलती है और कोई अनकहा भाव धीरे-धीरे शब्दों का आकार ग्रहण करता है। इस प्रक्रिया में कवि अपने समय, समाज और स्वयं के अंतर्विरोधों से संवाद करता है। किंतु कविता का पाठ उसे एक नए संसार में ले जाता है। लिखते समय जो अनुभूति निजी होती है, पाठ के समय वह श्रोताओं के अनुभवों से जुड़ने लगती है। भारत भवन के सभागार में अपनी कविताएँ पढ़ते हुए मेरे लिए यह अनुभव महत्वपूर्ण था।
रचना-पाठ और विमर्श को एक सूत्र में जोड़ते हुए इस आयोजन ने विभिन्न भाषाओं के रचनाकारों को एक मंच पर लाने का सार्थक प्रयास किया। भारत भवन में कविता और कथा की इन धाराओं का संगम इस बात का एहसास करा गया कि साहित्य की शक्ति उसके संवाद में है। एक भाषा दूसरी भाषा को सुने, एक रचनाकार दूसरे की अनुभूति से जुड़े और एक रचना किसी दूसरे मन में नई संवेदना जगाए, इसी से साहित्य का संसार समृद्ध होता है।

पुरु शर्मा
युवा साहित्यकार

